बोले- भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बनने से विकास कार्य तीन गुना तेजी से बढ़ेंगे : मुख्यमंत्री
ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल सेवा शुरू होने से महज 2 घंटे में कर्णप्रयाग से ऋषिकेश पहुंचा जा सकेगा
प्रदेश सरकार द्वारा जनहित में किए गए विकास कार्यों को देखकर हताश है कांग्रेस
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को निकाय चुनाव में कर्णप्रयाग से भाजपा प्रत्याशी गणेश शाह एवं गौचर से भाजपा प्रत्याशी अनिल नेगी के पक्ष में आयोजित बाईक रैली एवं जनसभा में प्रतिभाग किया। रैली में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवाओं ने मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने जनता से कर्णप्रयाग और गौचर के निकाय चुनाव में दोनों भाजपा प्रत्याशियों को अपना समर्थन देकर विजय बनाने का आग्रह किया और कहा कि देश और प्रदेश के साथ निकायों में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बनने से विकास कार्य तीन गुना तेजी से बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास को लगातार आगे बढ़ा रही है। भगवान बद्रीनाथ के धाम में मास्टर प्लान का कार्य गतिमान है। बाबा केदारनाथ धाम का दिव्य और भव्य निर्माण कार्य हुआ है। शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हर क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया गया है।