देहरादून में चीनी के बढ़ते दामों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर देहरादून, विकासनगर, सहसपुर और ऋषिकेश में संयुक्त निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक थोक विक्रेता प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान चीनी के स्टॉक, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और बाजार में प्रचलित कीमतों की गहनता से जांच की गई।
अधिकारियों ने यह भी देखा कि उपभोक्ताओं से अनुचित कीमत तो नहीं वसूली जा रही है।

ऋषिकेश में एसडीएम कुमकुम जोशी और विकासनगर में एसडीएम विनोद कुमार के नेतृत्व में भी कार्रवाई की गई। अभियान में जीएसटी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और गन्ना विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
प्रशासन ने साफ किया है कि चीनी की कृत्रिम कमी, जमाखोरी और कालाबाजारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














